Showing posts with label आज़ाद ग़ज़ल. Show all posts
Showing posts with label आज़ाद ग़ज़ल. Show all posts

Saturday, November 9, 2013

रूह की ग़ज़ल


रूह की ग़ज़ल

आजकल बदला हुआ ख़ामोश शहर है।
फूलों की खुशबुओं में भी बारूदी जहर है।

जो दे रहे अवाम को जन्नत के दिलासे,
रंजिश, अदावतों से भरी उनकी नज़र है।

हमने तो अमनोचैन की रोपी थी क्यारियां,
कैसे यहां ऊगे हुए ये जुल्मोकहर हैं।

खेतों के वास्ते पसीने हमने बहाए,
पर क्यों यहां आंसू भरी हर एक लहर है।

जख्मों को सदा हंस के मरहम हौसलों की दी,
ना जाने कैसे रह गए पर उनके असर हैं।

जिस्मों के जतन से संभाले काफ़ि़ए,रदीफ़,
पर रूह की ग़ज़ल में बहक जाती बहर है।

‘ज़ाहिद’ की मुट्ठियों में फ़क़त रेत रह गई,
जाने कहां समा गई अमृत की नहर है।

              09.11.13





Thursday, February 28, 2013

कोई हिम्मत से आए जाए तो।




देर से आए मगर आए तो।
नाज़ से वो गले लगाए तो।

मेरी तबियत भी है फरेबफहम1,
ख़्वाब कोई ज़रा सजाए तो।

हम कहां होशमंद2 रहते हैं,
उनको कोई खबर सुनाए तो।

किसका दर है ये दारीचा3 किसका,
हम कहां हैं कोई बताए तो।

कौन कहता है हम नहीं बदले,
अब कोई आइना दिखाए तो।

ये गली अब भी आशना4 है हुजूर!
कोई हिम्मत से आए जाए तो।

यूं कि अब भी वहीं पै हैं ‘ज़ाहिद’
आके कोई कभी उठाए तो।
09.02.13

1. धोके में जीने वाला, कल्पनाजीवी, 2. होश में, चैतन्य, 3. गलियां, राहदारी, 4. स्नेहिल, चाहनेवाली,


Saturday, September 29, 2012

ख़्वाबों के कसीदे




कहने के लिए यों तो हज़ारों में कहा है।
जो कह नहीं सका, वो इशारों में कहा है।।

मझधार में तूफ़ान से लड़ते रहे चुपचाप,
फिर जीत के हुनर को किनारों में कहा है।।

पतझर के दर्द, गर्मियों की प्यासी तपन को,
फूलों की रंगोबू से बहारों में कहा है।।

सांसों की डोर डोर से ख़्वाबों के कसीदे,
नज़मों में उकेरे हैं, नज़ारों में कहा है।।

सदमात सर्द कर गए दिल, फिर भी ख़्वाहिशें-
सरगोशियों में सुर्ख़ अज़ारों में कहा है।।

इस मुल्क में चूल्हों पै जो गुज़री है सुब्होशाम,
ईंधन की दुकानों से क़तारों में कहा है।।

सूरज को दिन दहाड़े तो पूनम में चांद को,
‘ज़ाहिद’ ग्रहन लगे तो सितारों में कहा है।।
29.09.12, शनिवार


शब्दावली:

1. जीत के हुनर = विजय के  कौशल , जीतने के गुर,
2. रंगोबू = रंग और सुगंध, 3. ख्वाबों के कसीदे = सपनों के बेलबूटे,
4. नज़मों = कविताओं, 5. सदमात = सदमा का बहुवचन, चोटें, प्रक्षेप,
6. सर्द = सफ़ेद, रक्तहीन, विवर्ण, 7. ख्वाहिशें = इच्छाएं,
8. सरगोशियों = फुसफुसाहटों, कान में कही जानेवाली बातें,
9. सुर्ख़ = लाल, आरक्त,  10. अज़ारों = गालों,

Saturday, May 19, 2012

इरादे नेक हैं,


महफ़िल में इस ख़्याल से फिर आ गया हूं मैं,
निस्बत, जुनून, शौक़ भी आए हैं बज़्म में ।।

दोस्तों आदाब!! 


हादसा अर्शोज़मीन पर कोई हुआ सा है।
आज चेहरा ए माहताब कुछ बुझा सा है।।

सामने आते ही मुंह फेर वो लेता है क्यों ?  
मेरे बारे में उसका ख़्याल कुछ जुदा सा है।।

बोझ अनजाने हैं, सौ किस्म, सौ तरीक़े के,
है सफ़र लंबा बहुत और सर झुका सा है।।

अब्र की तरह सा आ आ के किधर जाता है,
अश्क़ की शक्ल में, कुछ तो है जो छुपा सा है।।

खुद सुराही है वो, प्याला भी है, शराब भी है,
इरादे नेक हैं, मौसम ही कुछ बुरा सा है।।

सिर्फ़ तलवार पर चलती तो खै़र थी लेकिन,
जीस्त के इस तरफ़ खाई, उधर कुआं सा है।।

बहुत दिनों से फ़जा़ओं में थी तपन ‘ज़ाहिद’,
सबा ए दस्तेहिना ने मुझे छुआ सा है।।

18.03.12, रविवार,

Tuesday, January 3, 2012

मत रख कंधों की आस।



एक झटके में नया साल आ गया। पिछले साल ने अभी अपनी अस्तव्यस्त दूकान उठाई भी नहीं कि अपनी दूकान लेकर नया साल आ गया...आओ स्वागत है साल 2012


सभी दोस्तों और अदीब साहबानों को नया साल मुबारक।  
 कुछ इस तरह




जिसकी आंखों में अपनापन अधरों सुखद सुहास।
दुनिया भर में सबसे ज्यादा दौलत उसके पास।

सिक्कों की खन खन में उसको नींद नहीं आती,
टकसालों के निकट बनाया जिसने भी आवासA

रोज़ जगाने चल पड़ता है भोर में बस्ती को,
इक दिन कट जायेगा मुर्ग़ा, उसे नहीं आभास।

खुश होता है लपट झपटकर, खीसें दिखलाता,
कूद फांद डाली डाली की बन्दर का अभ्यास।

भले मौसमी बादल से सूरज छिप जाता है,
लेकिन क्या मर जाता इससे पीला पड़ा प्रकाश?

खोल रहा है नया द्वार वह बंद कोठरी में,
हुनरमंद के हाथ हथौड़ा पकड़ाता संत्रास।

तू कपूर की काया कर ले, कस्तूरी का मन,
‘ज़ाहिद’ मुर्दा लोगों से मत रख कंधो की आस।


मंगलवार 3.1.12

Sunday, December 11, 2011

घायल सा इक ख़त




बहुत दिनों जब कुछ ना बोली सीली सी तनहाई।
दबे हुए कुछ सपने खोले उनको धूप दिखाई।।

कुछ खट्टे पल शिकवों की फफूंद खाए थे,
हाथ फेरकर उनका पोंछा फिर कुछ रगड़ लगाई।

कुछ सतरें अब भी आंसू की गंध लिए थीं,
मिटे हुए कुछ हर्फ़ो से यादें रिस आईं।

घायल सा इक ख़त जमीन पर फिसल जा गिरा,
तड़प रही थी उसमें, उसकी, सहमी सी रुसवाई।

टूटे हाथ लगाते जैसे गलत फैसले ,
उन वर्क़ों का क्या होना था ‘ज़ाहिद’ आग लगाई।

01.12.11,